दिल्ली मेट्रो का अपडेट, अब सभी स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट खुले

जामिया इलाके में हुई हिंसा के बाद दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा की दृष्टि से कई मेट्रो एंट्री-एग्जिट को बंद कर दिया था, जिन्हें अब खोल दिया गया है। दिल्ली मेट्रो ने सोमवार सुबह इसकी जानकारी दी।


साउथ दिल्ली के जामिया इलाके में रविवार को नागरिकता कानून पर भड़की हिंसा अब काबू में है। हिंसा के बाद रविवार शाम को बंद किए मेट्रो के स्टेशन आज पहले की तरह खोल दिए गए हैं। दिल्ली मेट्रो ने सुबह ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मेट्रो के बताया है कि सभी स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट पहले की तरह हो रही है। वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि अभी सरिता विहार से कालिंदी कुंज के बीच वाला रोड नंबर 13ए बंद है। ऐसे में नोएडा से दिल्ली जा रहे लोगों को आश्रम और डीएनडी से जाने की सलाह। वहीं बदरपुर से आ रहे लोगों को आश्रम चौक से जाने की सलाह। मथुरा रोड से नोएडा की तरफ जानेवालों को आश्रम चौक, डीएनडी या नोएडा लिंक रोड से जाना है। ओखला अंडरपास जो कालिंदी कुंज जा रहा है वह भी बंद।


संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में रविवार को साउथ दिल्ली के जामिया और आसपास के इलाकों में चल रहा प्रदर्शन हिंसक हो गया था। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बवाल इतना बढ़ा कि तोड़फोड़ के बाद तीन बसों को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस की दो बाइकें फूंकी गईं। दमकल की दो गाड़ियों के अलावा कई प्राइवेट कारों में तोड़फोड़ हुई। हिंसा रोकने आई पुलिस पर भी पथराव हुआ।

इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। उपद्रवियों को पकड़ने के लिए पुलिस जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के अंदर घुस गई और गेट बंद करा दिए। इस दौरान जामिया की लाइब्रेरी में तोड़फोड़ भी हुई। आरोप है, स्टूडेंट्स पर पुलिस ऐक्शन में 60 स्टूडेंट घायल हुए हैं, जिनमें कई लड़कियां हैं। कुछ देर अराजक स्थिति रहने के बाद पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च किया। जामिया यूनिवर्सिटी ने हिंसा में अपने छात्रों के शामिल होने से इनकार किया है। विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर ने कहा कि पुलिस परिसर में जबरन घुसी। हमारे कर्मचारियों और छात्रों को पीटा गया। जवाब में पुलिस ने यही कहा कि छात्रों के बीच घुसे अराजक तत्वों पर ही हमने कार्रवाई की है। हिंसक प्रदर्शन और आगजनी के बाद मेट्रो ने सुखदेव विहार, जामिया, ओखला विहार, जसोला विहार समेत 7 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए। बाद में छात्रों ने पुलिस मुख्यालय के सामने देर रात तक प्रदर्शन किया।