भोपाल में मनचले का जुलूस निकाला : पुलिस को देखकर चाकू लहराया, घेराबंदी कर पकड़ा गया; युवती को घसीटकर घर ले जाकर छेड़छाड़ के मामले में तलाश थी

भोपाल की गांधी नगर पुलिस ने जब आरोपी को पकड़ा तो उसने बचने के लिए चाकू लहरा दिया।



  • पुलिसकर्मियों को आराेपी छुरी लेकर इलाके में घूमते मिला

  • डेढ़ महीने से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी


भोपाल के गांधी नगर इलाके में छेड़छाड़ के एक आरोपी ने पुलिसकर्मियों को देखते ही उन पर चाकू लहरा दिया। पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते कुछ देर की मशक्कत के बाद पकड़ लिया। उसके बाद इलाके में जुलूस भी निकाला गया। वह करीब डेढ़ महीने से पुलिस से बचता फिर रहा था। उसने एक युवती को घर के अंदर घसीटकर ले जाकर छेड़छाड़ की थी।



अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा करने के लिए भोपाल पुलिस मनचलों और लुटेरों का जुलूस निकालती है।

मामला करीब डेढ़ महीने पुराना बताया जा रहा है। थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी ने बताया कि 22 वर्षीय युवती इलाके में घर से किराने का सामान लेने निकली थी। इसी बीच रास्ते में 40 वर्षीय आरोपी सलीम खान मिला। वह युवती का मुंह दबाते हुए घर के अंदर घसीटकर ले गया। छेड़छाड़ करने पर युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे सलीम मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर सलीम के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। सोमवार सुबह उसके इलाके में होने का पता चला। पुलिस जब उसे पकड़ने गई तो उसने चाकू लहरा दिया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उस पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी का इलाके में जुलूस भी निकाला। युवती के परिजन ने आरोपी के पकड़े जाने पर थाने पहुंचकर पुलिस को पर बधाई भी दी।