शुरू हुआ यमुना का जलस्तर बढ़ना, एसडीएम ने निरीक्षण कर दी चेतावनी : औरैया

 

औरैया। यमुना नदी में सोमवार देर रात पानी के स्तर में बढ़त शुरू हो गई। रात 11 बजे शुरू हुई बढ़त ने सुबह 10 बजे यमुना नदी के पैमाने पर 105.65 मीटर पर आमद दर्ज कराई। नदी में बढ़ रहे जल स्तर को लेकर केंद्रीय जल आयोग कर्मचारी पल-पल नजर बनाए हुए हैं। साथ ही जिला प्रशासन को हर स्थिति से वाकिफ कराया जा रहा है। 

 

केंद्रीय जल आयोग कर्मचारियों के मुताबिक धौलपुर से छोड़े गए पानी ने चंबल नदी में उफान ला दिया है। जिससे पानी यमुना नदी में बढऩे लगा है। बताया कि सोमवार की देर रात 11 बजे जल स्तर ने 103.81 मीटर से बढ़त शुरू की। शुरूआत में 1 से 2 सेमी प्रति घंटे पानी ने बढ़त बनानी शुरू की। जिस कारण से सुबह छह बजते-बजते पानी 104.22 सेमी पर पहुंच गया। इसके बाद पानी ने लगभग 30 सेमी प्रति घंटा की बढ़त जारी रखते हुए सुबह सात बजे 104.57, सुबह आठ बजे 104.96 मीटर तक पहुंच बनाई। जहां शाम चार बजे बढ़त जारी रहने के चलते पैमाने पर जलस्तर ने 107.55 मीटर तक पानी पहुंच चुका है। ऐसे में जल स्तर के अभी और बढऩे की संंभावना जताई जा रही है। उधर पानी बढऩे की सूचना पर जिला प्रशासन भी निगाह बनाए हुए है। वहीं जुहीखा में भी जलस्तर धीरे-धीरे बढ़त बनाए हुए है। 

 

एसडीएम ने बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा

औरैया। यमुना नदी में पानी बढऩे की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर रमेश यादव ने नदी किनारे बसे बीहड़ी गांव अस्ता जाकर बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित लेखपालों को लगातार स्थितियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से भी बात कर उन्हें भी सतर्क रहने को आगाह किया।